पवन कल्याण और इमरान हाशमी की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ ने रिलीज़ के साथ ही जबरदस्त कमाई का सिलसिला शुरू कर दिया है। सिर्फ चार दिनों में ही इसने पवन कल्याण की पिछली सुपरहिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। वहीं, इमरान हाशमी के लिए भी ये फिल्म अब तक की सबसे धमाकेदार हिट साबित हो चुकी है। आइए जानते हैं, पहले सोमवार को इसने कितनी कमाई की।
हाल ही में रिलीज़ हुई ‘दे कॉल हिम ओजी’ ने थिएटरों में तहलका मचाया हुआ है। पवन कल्याण, इमरान हाशमी, प्रियंका मोहन, अर्जुन दास, श्रिया रेड्डी और प्रकाश राज स्टारर इस फिल्म का कलेक्शन दुनिया भर में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुका है। सोमवार को भले ही इसकी कमाई थोड़ी धीमी रही हो, लेकिन वीकडेज़ का असर साफ दिखा।
सुजीत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और सुपरस्टार पवन कल्याण एक बार फिर एक्शन अवतार में नज़र आए हैं। वहीं, इमरान हाशमी ने भी अपने साउथ डेब्यू को धांसू अंदाज़ में सेलिब्रेट किया। दोनों सितारों का स्वैग और एक्शन मूड पर्दे पर जमकर धमाल मचा रहा है।
क्या है ‘दे कॉल हिम ओजी’ की कहानी?
कहानी की बात करें तो फिल्म 1940 के दशक के जापान और वहां के खतरनाक अंडरवर्ल्ड के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें पवन कल्याण ने OG (ओजस गम्भीरा) का किरदार निभाया है, जो समुराई गैंगवार के खूनी खेल से अकेला जिंदा बचता है। लगभग दस साल बाद, यानी 1993 में, वह मुंबई (तब बॉम्बे) लौटकर विलेन स्वामी ओमी भाऊ (इमरान हाशमी) से टक्कर लेने आता है। दोनों कलाकारों ने अपने किरदारों में जान डाल दी है, जो पर्दे पर साफ झलकता है।
बजट निकालने में अभी बाकी है
फिल्म की लागत करीब 250 करोड़ रुपये बताई जाती है। वहीं sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, पहले सोमवार को फिल्म ने 7.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अब तक इसकी भारत में कुल कमाई 147.70 करोड़ रुपये तक पहुँच चुकी है। हालांकि, अभी बजट निकालने के लिए इसे और मेहनत करनी होगी।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन
दुनियाभर में ‘दे कॉल हिम ओजी’ का जलवा जारी है। रविवार तक इसने 227 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी और सोमवार तक इसके 237 करोड़ के पार पहुँचने की उम्मीद है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने अब तक 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर डाला है।